संस्कृति का संवर्द्धन सभ्यता के क्रमिक विकास के लिए आवश्यक-डॉ. सैजल


प्रदीप पुरी /सोलन 

दो दिवसीय जिला स्तरीय सायरोत्सव का विधिवत शुभारंभ

सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सहकारिता मंत्री डॉ. राजीव सैजल ने कहा कि हमारे देश में मेलों की प्राचीन परंपराएं हमारी समृद्ध संस्कृति की परिचायक हैं और इनका संवर्द्धन सभ्यता के क्रमिक विकास के लिए आवश्यक है। डॉ. सैजल आज सोलन जिला के अर्की उपमंडल में दो दिवसीय प्राचीन सायर उत्सव के शुभारंभ के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने पारंपरिक विधि विधान एवं पूजन के साथ सायर उत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने प्राचीन काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और सभी प्रदेशवासियों के सुख एवं समृद्धि की कामना की।
डॉ. सैजल ने कहा कि परंपराएं संस्कृति की पोषक हैं और संस्कृति मानव सभ्यता के लिए आवश्यक है। हमारी संस्कृति हम सभी को जहां प्राचीन से जोड़ती है वहीं नूतन के सृजन के लिए प्रेरित भी करती है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान किया कि अपनी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं को जानें और इनके प्रचार प्रसार एवं संवर्द्धन में सहायक बनें।
उन्होंने कहा कि आज पूरा देश सायर उत्सव के साथ-साथ यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस भी मना रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुखी एवं स्वस्थ जीवन की कामना की और आशा जताई कि उनके गतिमान नेतृत्व में देश उन्नति के नए सोपान छुएगा।
उन्होंने कहा कि प्राचीन सायर उत्सव जल पूजन के साथ आरंभ होता है और इस अवसर पर हम सभी को यह प्रण लेना होगा कि जल की एक-एक बूंद का संचयन किया जाए। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आरंभ किए गए जल शक्ति अभियान के महत्व को समझें और वर्षा जल संग्रहण के साथ-साथ पारंपरिक जल स्त्रोतों का रखरखाव एवं प्रबंधन सुनिश्चित बनाएं।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश की भाजपा सरकार आम आदमी के लिए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है कि मुख्यमंत्री ने आम लोगों की शिकायतों के निपटारे के लिए एक समर्पित हेल्पलाइन सेवा आरंभ की है। सेवा संकल्प हेल्पलाइन के नाम से आरंभ की गई इस हेल्पलाइन पर हेल्पलाइन नंबर 1100 पर फोन कर समस्या एवं शिकायत की जानकारी दी जा सकती है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि शिकायतों के समयबद्ध निदान के लिए फोन नंबर 1100 का लाभ उठाएं।


उन्होंने कहा कि अर्की स्थित अंबेदकर भवन में रसोई, शौचालय एवं अन्य सुविधाओं के लिए प्राक्कलन मिलते ही धनराशि उपलब्ध करवा दी जाएगी। उन्होंने मोक्षधाम अर्की के लिए संपर्क सड़क के लिए भी उचित धनराशि प्रदान करने का आश्वासन दिया।
डॉ. सैजल ने इस अवसर पर जिला सायर उत्सव की स्मारिका-2019 का विमोचन भी किया। उन्होंने पोषाहार माह के अवसर पर शिशुओं का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न्न करवाया।
अर्की के पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा ने इस अवसर पर सभी को सायर मेले की बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार के गठन के बाद राज्य का संतुलित एवं समग्र विकास सुनिश्चित हुआ है।
प्रदेश भाजपा सचिव रतन सिंह पाल ने कहा कि अर्की का सायर उत्सव को अपनी गरिमा एवं भव्यता के लिए जाना जाता है। उन्होंने सभी को सायर उत्सव की बधाई दी और कामना की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में देश तथा प्रदेश दिन दोगुनी रात चौगुनी उन्नति करेगा। उन्होंने अंबेडकर भवन अर्की में अवश्य अधोसरंचना सृजित करने और मोक्ष धाम की के लिए संपर्क मार्ग निर्मित करने की मांग की।


इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया गया।पूर्व विधायक गोविंद राम शर्मा, प्रदेश भाजपा सचिव रतन सिंह पाल, एच पी एम सी के निदेशक अमर सिंह  ठाकुर ,बीडीसी कुनिहार के अध्यक्ष प्रेम चोपड़ा, उपाध्यक्ष ओम प्रकाश शर्मा, नगर पंचायत अर्की की पार्षद एवं भाजपा मंडल अर्की की उपाध्यक्ष आशा परिहार, प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य बालक राम शर्मा,  राकेश भारद्वाज, भाजपा अर्की मंडल के वरिष्ठ महामंत्री देवेंद्र कुमार शर्मा, यशपाल कश्यप, जिला भाजपा उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर एवं राजेश महाजन,  पूर्व जिला परिषद सदस्य सोनिया ठाकुर, भाजपा किसान मोर्चा के सचिव दलीप पाल,  एपीएमसी सोलन के निदेशक संतोष शुक्ला, भाजपा महिला मोर्चा मंडल अर्की की अध्यक्ष विनती मुकुल, भाजपा तथा भाजयुमो के वरिष्ठ पदाधिकारी, उपमंडल अधिकारी अर्की विकास शुक्ला सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी, गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी इस अवसर पर उपस्थित थे।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

संपर्क फ़ॉर्म